-दोनों ही मामलों में पुलिस को अभी तक नहीं दी गई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई।
मूल रूप से बिजनौर के गांव मंडावली निवासी डा. राज शर्मा पुत्र प्रभुदयाल कई वर्षों से मीरापुर में रहकर प्राइवेट क्लीनिक चलाते थे। शुक्रवार शाम उनकी सास का देहांत हो गया था, जिसके लिए रात करीब 9 बजे वह बिजनौर जाने को घर से निकले थे। दिल्ली पौड़ी-राजमार्ग पर पीएनबी बैंक कैथोड़ा के निकट पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जानसठ के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
वहीं, देर रात जानसठ क्षेत्र के गांव तालड़ा निवासी सोहरन सिंह पुत्र नवाब सिंह अपनी कार से बिजनौर से वापस अपने घर लौट रहे थे। बिजनौर रोड पर शीतला माता मंदिर गेट के निकट सामने से तेज गति से आए एक टाटा मैजिक ने उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे सोहरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। थाना पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की करवाई की जाएगी।