मुजफ्फरनगर के भोपा थाने पर मौजूद गोड़िया मठ के मुक्त कराए गए बच्चे।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गोड़िया मठ से दो अन्य बच्चे भी कराए मुक्त
भोपा (मुजफ्फरनगर)। शुकतीर्थ स्थित गोड़िया मठ आश्रम से बुधवार को मिजोरम के दो अन्य बच्चों को भी मुक्त करा लिया गया। सभी बच्चों की थाना परिसर में ही काउंसिलिंग कराई गई, जिसके बाद पुलिस अब उनका मेडिकल कराने की तैयारी कर रही है।
चाइल्ड केयर हेल्पलाइन की टीम ने मंगलवार को शुकतीर्थ स्थित गोड़िया मठ आश्रम से मिजोरम और त्रिपुरा निवासी आठ बच्चों को बंधनमुक्त कराया था। आरोप था कि आश्रम में दस बच्चों को पढ़ाई के नाम पर लाया गया था, जहां उनसे काम कराते हुए मारपीट व उत्पीड़न किया जा रहा था। पूछताछ में दो बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें शराब भी पिलाई जाती थी। रात में ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम पुलिस के साथ फिर से आश्रम पहुंची और दो अन्य बच्चों को भी मुक्त करा लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी पूनम शर्मा ने बताया कि रात में ही सभी बच्चों के बयान दर्ज किए गए। बुधवार को उनकी काउंसिलिंग करने के साथ ही सभी बच्चों के कोविड-19 के टेस्ट भी कराए गए हैं। अब सभी बच्चों का मेडिकल कराया जा रहा है, जिससे उनकी सही उम्र व शारीरिक स्थिति का पता लग सके। वहीं, बाल कल्याण समिति, प्रमोशन अधिकारी व बाल संरक्षण टीम ने भी भोपा थाने पहुंचकर मुक्त कराए गए सभी बच्चों से पूछताछ की। सीओ राजेश कुमार द्विवेदी का कहना है कि लिखा पढ़ी के बाद सभी बच्चों को चाइल्ड केयर हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। काउंसलिंग पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।