लूट के इरादे से खड़े दो बदमाश दबोचे
मुजफ्फरनगर, छपार। मंगलवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने लूट के इरादे से घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की कार, तमंचा, कारतूस, चाकू व चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस मंगलवार रात रामपुर तिराहा चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि इसी दौरान बिजोपुरा चौराहे के पास कार सवार युवकों को संदिग्ध हालात में घूमते देख रोका गया। पुलिस ने युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से तमंचा और चाकू के साथ ही कार से चोरी का पंपिंग सेट व अन्य सामान बरामद किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवकों के पास से मिली कार भी जांच के दौरान चोरी की पाई गई, जिस पर उसे भी जब्त कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान जुल्फिकार निवासी गांव निराना और जावेद निवासी गांव बिलासपुर के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ थाना पुरकाजी व सिखेड़ा क्षेत्र में कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।