महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने दो को उपवास करेंगे सपाई
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर दो अक्तूबर को प्रेमपुरी में गांधी की प्रतिमा के सामने उपवास करेंगे। पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि आम जनता समझ चुकी है कि भाजपा देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकती। इस अवसर पर भाजपा सहित कई दलों से आए कार्यकर्ताओं ने सपा में शामिल होने की घोषणा की।
महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने भाजपा व अन्य दलों को छोड़कर आए हुए सैकड़ों लोगों को सपा की सदस्यता ग्रहण कराई। प्रमोद त्यागी ने कहा केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं किसान विरोधी कार्यक्रमों और तानाशाही से परेशान होकर समाजवादी पार्टी दो अक्तूबर को प्रेमपुरी स्थित गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा के सम्मुख उपवास व धरना कार्यक्रम आयोजित करेगी। सपा के सभी फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे भारी संख्या में सपा के इस उपवास धरना कार्यक्रम में शामिल हों। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में अन्य पार्टियां छोड़कर आने वाले सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया है। पत्रकार वार्ता में सभासद विकल्प जैन, जर्नाधन विश्वकर्मा, शौकत अंसारी, नदीम राणा, सुजाअत राणा, शलभ गुप्ता एडवोकेट, महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।