मुजफ्फरनगर। वहलना-पीनना बाईपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की बुलेट व एक्टिवा समेत कई वाहन और असलाह बरामद किया है।
शहर कोतवाली पुलिस एसएसआई राकेश शर्मा और एसआई जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार सुबह वहलना-पीनना बाईपास स्थित काली नदी पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक पर आते दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों युवकों के पास मिली बाइक संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें थाने लाया गया, जहां बरामद बाइक चोरी की मिली। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की अन्य बाइक भी बरामद की गईं, जिनमें एक बुलेट, एक्टिवा व दो स्प्लेंडर के साथ ही तमंचा-कारतूस भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपी मेरठ जनपद के इंचौली थाना क्षेत्र के गांव आक्खेपुर निवासी राजू उर्फ राजकुमार और परतापुर थाना क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी करन सिंह अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। इनमें राजू उर्फ राजकुमार के खिलाफ दिल्ली व उसके आसपास जनपदों में डकैती, गैंगस्टर, चोरी समेत अन्य करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।