जानसठ में सड़क दुर्घटनाओं में दो बाइक सवार लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में खतौली व जानसठ मार्ग पर दो बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, दूसरे हादसे में ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से घायल बाइक सवार की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
खतौली के मोहल्ला पक्काबाग निवासी असलम (55) पुत्र शब्बीर व साबिर पुत्र शब्बीर बाइक से ककरौली क्षेत्र के गांव ढ़ांसरी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, दूसरी ओर मीरापुर क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा निवासी सूरज पुत्र जिला व मिंटू पुत्र मदन बाइक द्वारा खतौली किसी काम से जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार गांव भलवा चौकी के पास स्थित भट्ठे के पास पहुंचे, तो दोनों बाइकों की आमने सामने से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने असलम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल साबिर, मिंटू, सूरज को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय से साबिर व सूरज को गंभीर अवस्था देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
असलम की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मंगलवार को गांव ढ़ांसरी गेट के सामने गांव कैथोड़ा निवासी बाइक सवार आस मोहम्मद पुत्र नसीर को ट्रक ने साइड मार दी थी। हादसे में आस मोहम्मद घायल हो गया था। मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई आदिल ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हेलमेट पहने होते तो बच जाती जान
जानसठ। सड़क हादसों में मृतक असलम और आस मोहम्मद हेलमेट पहने होते तो उनकी जान बच सकती थी। एसएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि हादसों के दौरान बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसों में घायल हुए बाइक सवारों ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस लगातार हेलमेट पहनने को लेकर चेकिंग के दौरान चालान भी काटती हैं। डीएम व एसएसपी कई बार यातायात के नियमों की जानकारी देने के दौरान हेलमेेट पहनकर बाइक चलाने की हिदायत दे चुके हैं। इसके बावजूद बाइक सवार हेलमेट नहीं पहनते हैं।