बाईपास पर अलग-अलग जगहों पर वाहनों की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। तीनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चरथावल निवासी नसीम ने नईमंडी कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका ममेरा भाई शाहरुख निवासी सिसौना, छपार बृहस्पतिवार को बाइक से कूकड़ा जा रहा था। उसके साथ बहन गुलिस्ता और छोटा भाई शान मोहम्मद भी थे। त्रिवेणी स्कूल के पास उत्तराखंड रोडवेज की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। गुलिस्तां और जान मोहम्मद घायल हो गए।
उधर, नई मंडी कोतवाली के शेरनगर निवासी आरिफ चौधरी ने बताया कि चचेरा भाई फुरकान पेपर मिल में काम करता था। बृहस्पतिवार शाम मिल में ड्यूटी समाप्त कर घर जा रहा था। भोपा रोड के पास बाईपास पर वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।
तीसरी दुर्घटना में बिहार के हनुमानगढ़ निवासी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक पर भाई अजय कंडक्टर है। बृहस्पतिवार सुबह जानसठ रोड पर आशीर्वाद बैंक्वेट हाल के पास खड़ा था, तभी वहां आई कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की सहायता से घायल का निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संजीव की तहरीर पर पुलिस ने कार स्वामी अहसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है।