हादसे में पुलिसकर्मी सहित दो घायल
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने गश्त कर रही चीता मोबाइल को टक्कर मार दी। हादसे में चीता सवार हेड कांस्टेबल और होमगार्ड घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
नई मंडी थाने की चीता मोबाइल पर तैनात हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह और होमगार्ड ओंकार देर रात्रि हाईवे पर गश्त कर रहे थे। हाईवे पर जानसठ रोड ओवरब्रिज के पास दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ़्तार बोलेरो ने चीता मोबाइल में टक्कर मार दी। हादसे में चीता बाइक पर सवार दोनों बोलेरो के आगे फंस गए, जिन्हें बोलेरो चालक कई मीटर तक घसीटते चले गए, लेकिन बोलेरो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। यह देख आसपास के लोगों ने बोलेरो रुकवाकर आरोपी चालक को दबोचकर पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत के चलते उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।