मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने देर रात शेरपुर गांव के जंगल में मुठभेड़ के दौरान गोकश दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। उनका एक साथी भाग गया। पुलिस ने उनकी कार से गोमांस व गोकशी में प्रयुक्त किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि बुधवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस को जंगल में संदिग्ध हालत में कार खड़ी दिखाई दी थी। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर कार सवार तीन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो सगे भाई शेरपुर निवासी हकीकत व नजाकत पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनका साथी शेरपुर निवासी नदीम भाग गया। पुलिस ने कार से गोमांस व गोकशी में प्रयुक्त किए जाने वाले उपकरण, दो तमंचे बरामद किए। आरोपियों ने बताया कि अपने साथी के साथ मिलकर उन्होंने घर में ही गोकशी की थी। वह तीनों रात के समय सुनसान जगह पर अवशेषों को फेंकने व गोमांस को बेचने के लिए जा रहे थे। कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपियों का चालान कर दिया है।