देवबंद। क्षेत्र के गांव बिलासपुर के युवक नितिन पर मारने की नीयत से देसी तमंचों से फायर करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनमें से दो आरोपियों को अवैध तमंचों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा।
बिलासपुर निवासी शेषराज के पुत्र सचिन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया उसका भाई नितिन मंगलवार को कुछ साथियों के साथ सुबह के समय शिवपुर स्कूल के ग्राउंड में दौड़ लगाने गया। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों से नितिन की किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद उक्त युवकों ने नितिन को मारने की नीयत पर देसी तमंचों से फायर किया, परंतु इस हमले में नितिन बाल-बाल बच गया था। पुलिस ने सचिन की तहरीर पर मोंटी उर्फ आदेश पुत्र राजू सिंह निवासी सकौती थाना मंगलौर (हरिद्वार), रोहित पुत्र संजीव निवासी बंदरजुड्डा (देवबंद), चुन्नू उर्फ लक्ष्मण पुत्र नरेंद्र और रवि पुत्र नरेंद्र निवासी धमात पुरकाजी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। इनमें से मोंटी उर्फ आदेश व रोहित पुत्र संजीव को बुधवार की सुबह कपूरी नहर की पुलिया के पास अवैध तमंचों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। कोतवाल ने बताया कि दो नामजद आरोपी अभी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जबकि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा।