गले में फंदा डालकर जान लेने की कोशिश
देवबंद (सहारनपुर)। नूनाबड़ी गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर पांच लोगों पर नमाज पढ़ने गए बेटे को फंदे पर लटका कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
नूनाबड़ी गांव निवासी असलूब ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि गांव का एक व्यक्ति उसके बेटे नजाकत को झूठे मुकदमे में फंसाना चाहता है, जिसके चलते उसने बड़गांव पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि सोमवार की दोपहर नजाकत खानकाह स्थित एक मस्जिद से नमाज पढ़कर निकल रहा था। वहां खड़े उक्त व्यक्ति ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया तथा उसे एक स्थान पर ले गए। असलूब का आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से उसके गले में फंदा डाल दिया और उसे एक हुक में लटका दिया। इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंच गए जिन्होंने उसे फंदा से उतारा। असलूब के मुताबिक फंदे पर लटकाने की वजह से नजाकत की हालत बिगड़ गई। जिसे चिकित्सक के यहां ले जाया गया, लेकिन नाजुक हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।