ट्रक ने बाइक में टक्कर मारी, एक की मौत, एक घायल
मंसूरपुर। संधावली बाईपास पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया।
शाहपुर क्षेत्र के गांव दिनकरपुर निवासी अमरीश पुत्र धीरेश व गांव अंबरपुर थाना रतनपुरी निवासी 45 वर्षीय नीरज पुत्र गजे सिंह बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर जा रहे थे। जब ये संधावली बाईपास के समीप पहुंचे तो अचानक आए ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया। जहां पर नीरज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अमरीश का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। संवाद