महाराष्ट्र, केरल से आने वाले यात्री होंगे होम आइसोलेट
मुजफ्फरनगर। देश के कई राज्यों में कोरोना के केस लगातार बढ़ने पर शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। महाराष्ट्र और केरल से आने वाले यात्रियों को होम आइसोलेट होना पड़ेगा। शहर और देहात में पहले से बनी निगरानी समितियों से भी इन प्रांतों से आने वाले यात्रियों पर निगाहें रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई ऐसा यात्री आता है, तो तुरंत इसकी सूचना कोविड कंट्रोल रूम को दी जाएगी।
सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि वर्तमान में महाराष्ट्र एवं केरल में रोजाना कोरोना के नए केस अधिक मिल रहे हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना के नए मामलों को रोकने के लिए अधिक संक्रमण वाले प्रांतों से आने वाले यात्रियों से सावधानी जरूरी है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में महाराष्ट्र और केरल से आने वाले यात्रियों को दो हफ्ते तक होम आइसोलेशन में अनिवार्य रूप से रहना होगा। उन्हें किसी भी प्रकार के कोरोना से संबंधित लक्षण जैसे बुखार ,खांसी ,सांस लेने में तकलीफ आदि होने पर तुरंत ही सीएमओ दफ्तर या पास के स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना होगा। सीएमओ ने बताया कि इस दोनों प्रदेशों से आने वाले यात्रियों को आरटीपीसीआर जांच करानी होगी। यदि ऐसे यात्रियों की आरटीपीसीआर की जांच नेगेटिव भी आती है, तो भी कम से कम एक सप्ताह तक उन्हें होम आइसोलेशन में रहना है। सीएमओ डॉ चोपड़ा ने बताया नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला निगरानी समिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम निगरानी समितियों को भी सतर्क किया गया है। वे अपने क्षेत्र में महाराष्ट्र और केरल से आने यात्रियों पर निगाह रखेगी तथा इनकी जानकारी कंट्रोल रूम के फोन संख्या 0131-2440966 पर देंगे।