देवबंद-टपरी रेलमार्ग पर मरम्मत कार्य में जुटे कर्मचारी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद(सहारनपुर)। देवबंद-टपरी जंक्शन के दोहरीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। बुधवार (आज) को रेलवे विभाग के मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) शैलेश कुमार पाठक डबल ट्रैक पर 140 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेन चलाकर ट्रायल करेंगे। इसके बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी मिल जाएगी।
कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) शैलेश कुमार पाठक रेलवे अधिकारियों के साथ स्पेशल ट्रेन द्वारा बुधवार की सुबह करीब 10.10 बजे देवबंद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। इसके बाद यहां से उनकी स्पेशल ट्रेन सुबह 10.30 बजे टपरी जंक्शन के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि मुख्य संरक्षा आयुक्त 140 किमी प्रति घंटा की स्पीड से नवनिर्मित ट्रैक पर दिल्ली से आई स्पेशल ट्रेन को चलाकर ट्रायल करेंगे। उन्होंने बताया कि मार्च 2020 में मुजफ्फरनगर से देवबंद तक करीब 25 किमी डबल ट्रैक का उद्घाटन किया गया था, लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही कोरोना महामारी फैलने से ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। जिससे क्षेत्र के लोगों को इसका कोई खास फायदा नहीं मिला था। कोरोना महामारी के कारण अभी तक भी अधिकांश ट्रेनों का संचालन पुन: शुरू नहीं हो पाया है। कोरोना काल में रेलवे ने देवबंद से टपरी तक अधूरे पड़े करीब 30 किमी के मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मुख्य संरक्षा आयुक्त के साथ दिल्ली मंडल के डीआरएम एस.सी. जैन, चीफ इंजीनियर के अलावा दिल्ली मंडल के अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
डबल ट्रैक की जांच के लिए दिनभर जुटे रहे रेलकर्मी
देवबंद। देवबंद-टपरी जंक्शन पर डबल ट्रैक के बुधवार को उद्घाटन होने के चलते मंगलवार को रेलकर्मी दिनभर मरम्मत कार्य में जुटे रहे। रात्रि करीब 8 बजे तक भी अधिकारियों की निगरानी में दोहरे ट्रैक को चेक किया जाता रहा। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि ट्रेनों के संचालन के लिए कार्य पूरा कर लिया गया है।
मेरठ से टपरी तक दोहरीकरण से लोग खुश
देवबंद। देवबंद से टपरी तक डबल ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन होने पर नगर के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। किसान एवं व्यापारी नेता मनोज सिंघल, अधिवक्ता सुरेंद्रपाल सिंह, भाजपा नेता शिवराज सिंह रोड और रणखंडी निवासी ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि डबल ट्रैक पर ट्रेनें चालू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ पहुंचेगा। यह लोगों की लंबे समय से मांग चली आ रही थी।