खतौली। दो दिन पहले बड़ा बाजार में ठाकुर द्वारा के समीप लगे नल को हटाए जाने के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। व्यापारियों ने एसडीएम से मिलकर जनहित में नल दोबारा लगाने की मांग की। एसडीएम जीत सिंह राय ने पालिका के जेई को मोके पर जाकर जांच कर नल लगवाने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता पर अशालीन व्यवहार का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने भी बाजार बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। सीओ, तहसीलदार, नायाब तहसीलदार, कोतवाल मौके पर पहुंचे और गुस्सायें व्यापारियों से दो दिन का समय मांगा। व्यापारी धरने पर बैठ गए और नल तत्काल लगाए जाने की बात पर अड़े रहे।
बड़ा बाजार में लगे नल से व्यापारियों और आमजन को लाभ था। दो दिन पहले पुलिस प्रशासन की टीम ने एक अधिवक्ता की शिकायत पर अतिक्रमण बताते हुए हटवा दिया था। तभी से व्यापारी तहसील केी चक्कर लगाकर नल दोबारा लगाने की मांग कर रहे थे। व्यापारियों ने नल न लगाए जाने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी थी।
मंगलवार को सभासद वैभव जैन के नेतृत्व में व्यापारियों को एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम जीत सिंह राय से मिला। एसडीएम ने पालिका के जेई को भी बुलाया हुआ था। दोनों पक्षों से वार्ता करने के बाद एसडीएम ने जेई को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा विवाद न हो ऐसे स्थान पर नल लगवाने के निर्देश दिए। पालिका जेई मौके पर पहुंचे, उसी समय व्यापारी भी मौके पर जमा हो गए। शिकायतकर्ता ने नल वहा लगने से मना कर दिया। जिसके बाद फिर से बाजार में हंगामा खड़ा हो गया।
कुछ ही देर में बड़ा बाजार के सभी व्यापारी दुकानों को बंद कर मौके पर पहुंच गए और मुर्दा बाद के नारे लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामें की सूचना पर सीओ राकेश सिंह, तहसीलदार आरती यादव, नायाब तहसीलदार अर्जुन कुमार, कोतवाली धमेंद्र कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्सायें व्यापारियों को शांत किया, लेकिन व्यापारी नल को उसी स्थान पर लगवाने के लिए अड़े रहे। व्यापारियों का कहना था कि यह नल दो सौ साल पुराना है। ठाकुर द्वारा में आने जाने वाली महिलाएं भी इस नल से जल लेकर जाती है। रामलीला के दौरान भी दर्शक पानी पीते है। इसके अलावा व्यापारियों सहित ग्राहक व राहगीर भी इस नल से पानी पीते है। यह नल लगना जरूरी है।
उधर एसडीएम के दो दिन के लिए बाहर जाने के कारण मामले में व्यापारियों से दो दिन का समय मांगा गया, लेकिन व्यापारियों ने समय देने से मना करते हुए नल को लगवाए जाने की मांग की। स्थानीय पुलिस प्रशासन व्यापारियों से वार्ता की लेकिन वार्ता विफल रही। उधर व्यापारी बाजार में ही दुकानें बंद कर धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने मजदूर बुलाकर नल सही कराने का काम शुरू कर दिया। हंगामा करने वालों वैभव जैन, सुधीर अग्रवाल, अंकित तायल, अरूण जैन, राम किशन सैनी, आदीश कुमार, नवीन गुप्ता, अजय जैन, संदीप जैन, मनीष, कमल मित्तल, आरिफ सहित पूरे बाजार के व्यापारी शामिल थे।
खतौली में हंगामें की सूचना पर व्यापारियों के बीच पहुंचे कोतवाल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR