थाने के सामने मौजूद किसानों की भारी भीड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं भैंसा-बुग्गी में टक्कर, हंगामा
भोपा। यूसुफपुर चौराहे के निकट खोई लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चीनी मिल में गन्ने डालने जा रहे किसान की भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में दो किसानों के घायल होने से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने के सामने जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा-थ्रू निवासी किसान बिल्लू अपने साथी हरेंद्र सिंह के साथ भैंसा-बुग्गी लेकर गन्ने डालने मोरना चीनी मिल जा रहा था। जैसे ही वह यूसुफपुर चौराहे के पास पहुंचा, मोरना की ओर से आ रही खोई लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने भैंसा-बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों किसान भी घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर बेहड़ा-थ्रू से लोग भोपा पहुंचे और थाने के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बेरोकटोक दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों की रोकथाम किए जाने की मांग की। इंस्पेक्टर एमएस गिल ने ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया, जिसके बाद जाम खोला गया।
हादसे के बाद काटे गए खोई लदे वाहनों के चालान
भोपा। यूसुफपुर चौराहे पर हुए हादसे एवं थाने के सामने जाम लगाए जाने के बाद पुलिस ने अभियान चलाते हुए खोई लदे छह ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालान किए। इस दौरान पकड़ी गए एक ओवरलोड खोई लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए भाकियू एवं भाजपा कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत किया गया। इंस्पेक्टर एमएस गिल ने कहा कि रोजाना सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कस्बे में मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके लिए रोजाना अभियान भी चलाया जाएगा। इसके बाद कुछ युवक गंगनहर पुल पर जा पहुंचे और नहर पटरी मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की रोकथाम के लिए लोहे के गार्डर लगवाए जाने की मांग की। सीओ राम मोहन शर्मा ने युवाओं को जल्द ही गार्डर लगवाने का आश्वासन देकर शांत किया।