मोरना में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से किसान घायल हो गया। उसको प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरना पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। भोपा थाना क्षेत्र के गांव मजलिसपुर तौफीर निवासी 44 वर्षीय किसान तिलकराम पुत्र सकटू कस्बा भोकरहेड़ी गन्ने डालकर वापस अपने गांव मजलिसपुर तौफीर लौट रहा था। भोकरहेड़ी से निकलते ही तिलकराम के ट्रैक्टर का तेल खत्म हो गया।
जिससे उसने गांव के ही जसपाल भगत जी के ट्रैक्टर के पीछे अपना ट्रैक्टर बांध लिया। रास्ते में सोलानी नदी के पुल के पास ढलान पर अचानक संतुलन बिगड़ने से तिलकराम का ट्रैक्टर ट्राली सहित पलट गया, जिससे उसके सिर व कमर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने चालक किसान को ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच से बमुश्किल बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हादसे में घायल व्यक्ति की मेरठ अस्पताल में मौत
गांव ककराला में ट्रैक्टर ट्रोली की टक्कर लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसकी मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिला शामली के गांव उसमानपुर निवासी 50 वर्षीय कैलाश पुत्र हरिसिंह 18 अक्तूबर को थाना भोपा के गांव ककराला में छटी के कार्यक्रम में रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। उसी दिन रात के करीब 8 बजे वह गांव के बाहर खड़ी ट्रैक्टर ट्रोली के पीछे जाकर खड़ा हो गया।
चालक ने अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे हटाया तो टक्कर लगने से कैलाश घायल हो गया। रिश्तेेदारों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में उसको मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। बृहस्पतिवार को कैलाश की मेरठ अस्पताल में मौत हो गई।