टॉप-10 अपराधी ने थाने पहुंच कर किया आत्मसमर्पण
मुजफ्फरनगर, खतौली। रंगदारी मांगने तथा जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी थाने के टॉप-10 अपराधी ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने तलाशी में उनसे तमंचे तथा चाकू बरामद कर उनका चालान कर दिया।
खतौली इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि दो दिन पहले इस्लामनगर निवासी अंकित जैन से जसौला स्थित क्रेशर पर रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी देने से मना करने पर उस पर हत्या के इरादे से फायर किया गया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर रंगदारी मांगने तथा जानलेवा हमला करने वालों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने कपिल निवासी यूसुफपुर पीपलेहडा तथा राजू निवासी यूसुफपुर पीपलेहडा को गांव के ही जंगल से हिरासत में लिया, जबकि थाने के टॉप- 10 अपराधी और इस वारदात में शामिल रहे पारूल राणा निवासी युसुफपुर पिपलेहडा ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे तथा एक चाकू बरामद किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पारूल पर दस मुकदमे दर्ज है, जबकि उक्त दोनों बदमाशों पर दो-दो मुकदमे दर्ज है।