चरथावल कस्बे को मिल रही ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति के बावजूद एक किलोवाट वाले विद्युत उपभोक्ताओं के बिलों को बढ़ाकर दोगुना करने के प्रस्ताव पर लोगों में आक्रोश है। भाकियू ब्लाक अध्यक्ष विकास शर्मा ने एसडीओ से कस्बे की आपूर्ति ग्रामीण श्रेणी में होने के कारण बिलों को बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कस्बे में 800 उपभोक्ताओं के एक किलोवाट के विद्युत कनेक्शन चले आ रहे हैं। एक किलोवाट पर दो रुपये 20 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली की दर निर्धारित है। इसी दर से उपभोक्ताओं को मशीन द्वारा बिल बनाकर दिए जा रह थे, लेकिन नए एसडीओ ने चार्ज लेकर बिजलीघर पर एक किलोवाट बिल वाले उपभोक्ताओं के बिल जमा कराने से इंकार कर दिया। एसडीओ ने उपभोक्ताओं को दो किलोवाट की दर चार रुपये 40 पैसे के हिसाब से करने के बिल अदा करने को कहा।
इस पर भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष विकास शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि कस्बे में एक किलोवाट वाले उपभोक्ताओं का विद्युत बिल पूर्ववत नहीं रखा गया तो निगम के अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उपभोक्ता साजिद कुरैशी, गुलफाम, शहिद, वरीसा, अरशद, जुबेर, नाजिम त्यागी, सत्तार ने भी नाराजगी जताई है। इस संबंध में जेई ओपी कुशवाहा ने बताया कि इस संबंध में वह अफसरों से वार्ता करेंगे।