-एक ही दिन में मंसूरपुर, छपार, पुरकाजी व रुड़की में की थीं लूट की घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-दून हाईवे पर शनिवार देर रात कार सवार तीन लुटेरों के साथ मंसूरपुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें दिल्ली निवासी तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों ने शनिवार सुबह मंसूरपुर, छपार, पुरकाजी व रुड़की में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।
लूट की दो लूट की घटनाओं सहित पांच घटनाएं की थीं। पुलिस ने वेगनआर कार, लूटा माल, रुपये व अवैध शस्त्र बरामद किए हैं। तीनों आराेपियों ने यूपी, उत्तराखंड व हरियाणा में घटनाएं की हैं। तीनों शामली में लूट करने जा रहे थे। पुलिस लाइन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मंसूरपुर पुलिस की धोला पुल के पास देर रात चेकिंग के दौरान वेगन आर कार सवार तीन बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दिल्ली के थाना बत्रा के संगम विहार निवासी राजेश, अभि व साहिल घायल हो गए। तीनों से अवैध शस्त्र, तीन मोबाइल, 17900 रुपये नकद, एक सोने की चेन, 13 आधार कार्ड, 4 पेन कार्ड, एक पास बुक, एक एटीएम, एक आयुष्मान कार्ड, एक पर्स, एक कार बरामद हुई।
तीनों आरोपियों ने शनिवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे मंसूरपुर में सीएनजी पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 15 हजार रुपये लूटे थे। छपार में तीन लोगों से पांच हजार, एक मोबाइल, पुरकाजी में फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी का बैग लूटा था। रुड़की में एक युवती की चेन व एक अन्य युवती का पर्स लूटा था।
रुड़की के मंगलौर में भी एक अन्य लूट की थी, उसके बारे में पता किया जा रहा है। बरामद कार गुड़गांवा से 24 अप्रैल को लूटी थी। आरोपियों के अपराधिक इतिहास की जानकारी कराई जा रही है। फिलहाल उनके खिलाफ पांच लूट व एक कार चोरी का मुकदमा सामने आया है। इन्हें पकड़ने के लिए 70 कैमरे देखे गए।
मंसूरपुर, छपार व पुरकाजी में हुई तीन लूट की घटनाएं 20 घंटे में खोली हैं। पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में सीओ खतौली राम आशीष यादव व मंसूरपुर थाना प्रभारी सुभाष अत्री मौजूद रहे।
-
ज्यादा शिक्षित नहीं हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार कक्षा आठ तक शिक्षित राजेश दिल्ली के तुगलकाबाद में एक ओयो होटल में रिसेपनिस्ट का काम करता था। कक्षा दस तक शिक्षित अभि ड्राइवरी व परचून की दुकान करता था। कक्षा दस तक शिक्षित साहिल जोमेटो में डिलीवरी का काम करता था।
-
घूमने निकले थे, पैसे हो गए खत्म तो कर ली लूट
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी शुक्रवार रात कार में हरिद्वार घूमने जा रहे थे, उनके पास तीन चार हजार रुपये थे। शराब पीने व खाने में रुपये खर्च कर दिए। मंंसूरपुर में कार में सीएनजी खत्म होने पर सीएनजी भरवाई, तब सेल्समैन से लूट की। बाद में छपार व पुरकाजी और रुड़की में दो लूट कीं। वहां से वापस जाते समय पकड़े गए।