जनपद में आए तीन नए कोरोना पॉजिटिव मरीज
मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को कोरोना के तीन नए मरीज सामने आए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 18 मरीजों को ठीक होने के चलते डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी घटकर महज 95 रह गया है।
सीएमओ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि जनपद में रविवार को कुल 1082 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें से केवल तीन लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जिन्हें बेगराजपुर स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो मरीज खतौली व एक शहर क्षेत्र का है। वहीं, पिछले 24 घंटे की अवधि में 18 मरीज ठीक भी हुए हैं, जिन्हें जरूरी दिशा-निर्देश देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर अब 95 रह गई है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 8,567 हो गई है, जिनमें से 8,363 ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक जिले में कुल 2,50,526 लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए गए हैं। इनमें से 2,41,149 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, अब जिले में आठ सौ सैंपल की जांच रिपोर्ट लंबित है, जबकि 114 लोगों की अब तक जनपद में कोरोना से मौत हो चुकी है।