मोहल्ला लद्दावाला में नाले की सफाई करने गए सात में से तीन मजदूर पानी के बहाव में बह गए। आसपास के लोगों ने साहस का परिचय देकर बह रहे मजदूरों को करीब 70 फुट दूर निकाला। तीनों बेहोश और घायल भी हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अहिल्याबाई चौक से मोहल्ला लद्दावाला की ओर करीब पांच फुट गहरा नाला है। नाले की चौड़ाई भी तकरीबन इतनी ही है। यह सीमेंट के मोटे पटों से बंद है। नाले के ऊपर से आवागमन होता है।
पिछले कई दिनों से नाला चोक हो जाने के कारण लद्दावाला की गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही थी। पूरे मोहल्ले में पानी भरा हुआ था। शनिवार को मोहल्लेवासियों ने जलभराव के विरोध में हंगामा भी किया था। रविवार की दोपहर जल निगम ने ठेके के मजदूरों को नाला सफाई के लिए भेजा था। मोहल्लेवासियों ने बताया कि सात मजदूर नाला सफाई के काम में लगे थे, जिस स्थान पर वह सफाई कर रहे थे, उससे कुछ दूर पहले पानी रोकने के मिट्टी लगा दी थी। तीन मजदूर नाले के भीतर खड़े होकर सफाई शुरू ही करने वाले थे कि नाले का पानी तेज बहाव के साथ आ गया।
कच्ची सड़क निवासी नौशाद, उपेंद्र और बिरजा पानी के बहाव में बह गए। तीनों मजदूर बंद नाले में करीब 70 फुुट दूरी तक बहते गए। मोहल्ले के जुनैद रऊफ, आसिफ सिद्दीकी, मतलूब अंसारी, असलम अंसारी, शाहनूर अंसारी, तारिक, बॉबी, नौशाद मलिक, गयास रऊफ, बिट्टू सिद्दीकी, शहजाद मलिक, असद सिद्दीकी एडवोकेट, दिलशाद आदि घटनास्थल पर पहुंचे। इनमें से कुछ नाले में घुस गए।
बांस आदि डालकर बह रहे तीनों मजदूरों को रोका गया। तीनों बेहोश हो चुके थे तथा बंद नाले में बहने के कारण चोटिल भी हो गए थे। कीचड़ में सने तीनों मजदूरों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि मोहल्ले में डीएम राजीव शर्मा एक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने डीएम से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया।
घटना के विरोध में मोहल्लेवासियों ने किया प्रदर्शन
कई दिनों से हो रहे जलभराव तथा मजदूरों के बहने की घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने जल निगम और नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि सोमवार को नाले की सफाई नहीं हुई तो वे मिट्टी डालकर पूरे नाले को बंद कर देंगे। नाला बंद होते ही आधे शहर में पानी भर जाएगा।
इन्होंने कहा...
तीन मजदूरों को नाले की सफाई के लिए भेजा गया था। अचानक पानी आ जाने से वे कुछ दूर तक बह गए थे। तीनों को सकुशल निकाल लिया गया है - राजीव त्यागी, परियोजना प्रबंधक, जल निगम।