देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद और तलहेड़ी बुजुर्ग में मंगलवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया।
मंगलवार की सुबह करीब 9.30 बजे पहली सड़क दुघर्टना हाईवे पर तलहेड़ी पुलिस चौकी के समीप हुई। बलिया खेड़ी ब्लाक के गांव नन्हेड़ा गाजी निवासी लियाकत की पत्नी शाहिदा (60) अपनी बीमार भाभी रईसा पत्नी अब्दुल जब्बार को साथ लेकर जाइलो कार द्वारा उत्तराखंड के गांव गोकलपुर चिकित्सक के पास जा रही थी। कार सनव्वर चला रहा था। कार चालक ने पुलिस चौकी के समीप जैसे ही अपने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवर टेक करने का प्रयास किया तो कार तेजी से साथ ट्रैक्टर के कट मारते ही उसके पीछे बंधी लैंटर का मलवा घोलने की मशीन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मशीन और कार दोनों पलट गए। इस हादसे में कार सवार शाहिदा और मशीन पर बैठा दलीप पुत्र होशियार निवासी रणमलपुर (नागल) गंभीर घायल हो गए। बाद में पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया।
उधर, दूसरी दुघर्टना देवबंद-बरला मार्ग स्थित सांपला खत्री गांव के बस अड्डे पर हुई। सांपला खत्री निवासी जैनुद्दीन की पत्नी जैतून अपने पुत्र वाहिद के साथ बस अड्डे पर खड़ी थी। इस दौरान वहां से गुजरे बाइक सवार दो युवकों ने जैतून को टक्कर मारकर घायल कर दिया। जबकि वाहिद बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। बाद में परिजनों ने घायल जैतून को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर किया। कोतवाल यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि अभी किसी भी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।