लूट की योजना बनाते तीन बदमाश गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर के एक व्यापारी के यहां लूट की योजना बना रहे तीन शातिर अपराधियों को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे एक तमंचा, कारतूस, एक चाकू व लोहे की तीन कुदाल बरामद की गई हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया।
नई मंडी कोतवाली प्रभारी पंकज पंत व कोतवाली के एसओजी प्रभारी सुशील कुमार अपनी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक सूचना मिलने पर इस टीम ने एसडी कॉलेज के पीछे अंधेरे में छिपे तीन शातिरों को गिरफ्तार किया। उनके पास एक तमंचा, कारतूस, एक चाकू व ताले तथा दीवार तोड़ने में प्रयुक्त की जाने वाली लोहे की तीन भारी कुदाल बरामद की। तीनों को पुलिस टीम कोतवाली ले आई।
तीनों ने अपने नाम पटेल नगर नई मंडी निवासी सूरज पुत्र सीताराम, अलमासपुर नई मंडी निवासी सुधांशु उर्फ बिटटू पुत्र रमेश चंद सैनी व चुड़ियाला, थाना मीरापुर निवासी विक्रांत पुत्र अचपल सिंह बताया। तीनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने नई मंडी क्षेत्र में एक व्यापारी के यहां लूट की योजना बना ली थी, लेकिन उन्हें पहले ही पकड़ लिया गया। सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनके आपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है।