खतौली। थाना पुलिस ने मोहल्ला लालमोहम्मद निवासी ट्रांसपोर्टर के घर में चोरी के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रांसपोर्टर के घर से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। वहीं, पूछताछ में आरोपियों ने शहर के मोहल्ला खालापार में दरोगा की कोठी स्थित किराना शॉप से ड्राई फ्रूट्स और नकदी चोरी की घटना का भी खुलासा किया है।
कस्बे के मोहल्ला लाल मौहम्मद निवासी ट्रांसपोर्टर अफजाल के घर में दो दिन पूर्व छह मोबाइल, लैपटॉप और नकदी चोरी कर ली गई थी। थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था, जिनसे पूछताछ में चोरी का खुलासा हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों में थानेश्वर महादेव मंदिर रोड निवासी अहमद, इस्लामनगर निवासी जुनैद और मोहल्ला खालापार निवासी फरमान शामिल हैं। आरोपियों के पास से ट्रांसपोर्टर के घर से चोरी किए गए लैपटॉप, तीन मोबाइल, 11 हजार की नकदी के साथ ही तमंचा-कारतूस, चाकू और एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई है।
आरोपियों ने मोहल्ला खालापार में 19 अगस्त को दरोगा की कोठी स्थित किराना शॉप में सेंध लगाकर वहां से ड्राई फ्रूट्स व नकदी चोरी की घटना का भी खुलासा किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
ग्रामीण से मोबाइल झपट ले गए बदमाश
खतौली। गांव शाहपुर निवासी राजकुमार सोमवार को साइकिल पर गांव भलवा से लौट रहा था। कस्बे में किसी की कॉल आने पर वह मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए बदमाश उसका मोबाइल छीन ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है। संवाद