संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने के लिए होली में आग लगाने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि तीन युवकों ने बुढ़ाना व लुहसाना गांव की होली में आग लगाकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया है।
कस्बे के पैंठ बाजार में रखी गई होलिका में रविवार को देर रात दो नकाबपोश युवकों ने आग लगा दी थी। दोनों नकाबपोश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करवाई। पुलिस ने बताया कि बुढ़ाना की होलिका में आग लगाने के दो आरोपी अजय राणा व विशु निवासी भड़ल जनपद बागपत को कस्बे के दयानंद चौक से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
दूसरी घटना में पुलिस ने क्षेत्र के गांव लुहसाना के भूमिया मंदिर में रखी होलिका में आग लगाने के आरोप में गांव लुहसाना निवासी राजन को मंदवाड़ा रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि राजन के खिलाफ वासू राठी ने होलिका में आग लगाने के बारे में कोतवाली में तहरीर दी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया।