खतौली। शुक्रवार मध्य रात्रि को ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। बीडीओ पवन विश्वकर्मा का कहना है कि शुक्रवार की मध्यरात्रि से प्रधानों के खाते सीज हो जाएंगे। एडीओ पंचायत प्रशासक की तरह कार्य करेगें। एडीओ पंचायत और सचिव सभी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बृहस्पतिवार को ब्लाक कार्यालय में ग्राम प्रधानों की आवाजाही बनी रही। एडीओ पंचायत राजेश्वर त्यागी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में अधिकतर कार्य पूरे हो चुके हैं। ग्राम प्रधानों द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों का बिल बनाकर कार्यालय में जमा करा दिया गया है। कागजों के आधार पर प्रधानों द्वारा कराए गए काम का भुगतान कराया जाएगा। प्रधानों का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी जो कार्य गांव में जारी है, वे चलते रहेंगे। एडीओ पंचायत के साथ-साथ ग्राम पंचायत सचिव जरूरत पड़ने पर जरूरी कामों को कराएंगे।
फिलहाल ग्राम प्रधान अपने गांवों में मिट्टी भराव, खड़ंजा आदि काम पूरा करने में लगे है। भूड़ ग्राम प्रधान अनीसा बेगम, शेखपुरा प्रधान सुदेश अदाना, भैसी ग्राम प्रधान सुनील अहलावत, दूधली ग्राम प्रधान सुनील कुमार, ताजपुर प्रधान पति निवेश राणा का कहना है कि अधिकतर कार्य पूर्ण हो गए हैं।