मुजफ्फरनगर में आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में दाखिला कराने को लेकर शुरू हुए विवाद में कॉलेज जंग का अखाड़ा बन गया। रालोद छात्र नेता और शिक्षक आमने-सामने आ गए। आरोप है कि रालोद छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य व शिक्षकों की पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया है। प्रधानाचार्य की तहरीर पर 13 नामजद और 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिक्षकों ने सिविल लाइन थाने पर धरना देकर कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, रालोद नेताओं ने भी शिक्षकों पर पिटाई का आरोप लगाया है।
रालोद छात्र के जिलाध्यक्ष सार्थक लाटियान अपने साथी काजी फैज, अर्जुन, शौर्य, आकाश, सुहेल, हैदर राणा, अभी अहलावत, हिमांशु बालियान, गोल्डी, राजा, शुभम चौधरी के साथ बृहस्पतिवार को एक छात्र का दाखिला कराने डीएवी इंटर कॉलेज में पहुंचे थे। दाखिले को लेकर कॉलेज के कर्मचारी के साथ छात्र नेताओं का विवाद हो गया। हंगामा होने पर शिक्षक सत्यकाम तोमर, अब्दुल सत्तार, मोहिब हसन, मोनिका, रश्मि, जय मिश्रा आदि मौके पहुंच गए। प्रधानाचार्य का आरोप है कि छात्र नेताओं ने लाठी डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। तमंचों से फायर भी किए गए। शिक्षकों को चोटें आई। इस दौरान रालोद नेता सुधीर भारतीय भी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ नोकझोंक हुई और हाथापाई की नौबत आ गई। सीओ सिटी कुलदीप कुमार व पुलिस टीम पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की की। इस दौरान झड़प हुई। पुलिस ने मौके से सुधीर भारतीय, सार्थक लाटियान, अर्जुन, काजी कैफ व शौर्य को हिरासत में ले लिया है। प्रधानाचार्य ने शिक्षकों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। धरना प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इनके खिलाफ हुआ मुकदमा
सार्थक लाटियान, काजी फैज, सुधीर भारती, अर्जुन, शौर्य, आकाश, सुहैल, हैदर राणा, अभि अहलावत, हिमांशु बालियान, गोल्डी, राजा, शुभम चौधरी सहित एक दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: पांच करोड़ की कोठी जब्त, पहले अरबों रुपये की संपत्ति हो चुकी कुर्क, जानें आखिर कौन है यशपाल तोमर