खतौली। अवैध संबंधों में बाधक बनने पर ई-रिक्शा चालक की दो लोगों ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने बताया मोहल्ला इस्लामनगर निवासी आकिल पुत्र जाकिर ई-रिक्शा चलाता था। पिछले वर्ष 29 दिसंबर की शाम करीब सात बजे बुढ़ाना तिराहे से आकिल की ई-रिक्शा में मेरठ के थाना दौराला क्षेत्र के गांव पावली निवासी सईद उर्फ किरण और उसका साढू मुरादाबाद निवासी शाकिर बैठकर बुढ़ाना रोड की ओर गए थे।
बुढ़ाना अंडरपास पुल के समीप दोनों रिश्तेदारों ने आकिल के गले में फंदा लगाकर पहले गले पर चाकू घोंपा। इसके बाद सिर में गोली मारकर हत्या की। 30 दिसंबर की सुबह नाले में गोली लगा शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। शव के पास से पिस्टल की खाली मैगजीन और खून लगा चाकू मिला।
पुलिस ने हत्या का कारण मृतक की पत्नी से हत्यारोपी सईद के अवैध संबंधों का विवाद होना बताया। पुलिस ने चालक के हत्यारोपी सईद उर्फ किरण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।