नई मंडी में गणेश चतुर्थी के लिए मूर्तियों की खरीददारी महिला।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
गणेश प्रतिमाओं की खूब हुई बिक्री
मुजफ्फरनगर। शनिवार यानि आज गणेश चतुर्थी पर इस बार घरों में ही गणपति बप्पा विराजेंगे। शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं के साथ श्रृंगार और पूजा-अर्चना के सामान की खरीदारी की। फूल मालाओं की भी बाजार में खासी मांग रही।
शनिवार यानि आज मनाए जाने वाले गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह हैं। कोरोना के चलते इस बार बड़े आयोजन नहीं होगे। घरों में ही गजानन विराजेंगे। नई मंडी और शहर में सजी दुकानों पर गणेश प्रतिमाओं की शुक्रवार को काफी बिक्री हुई। 30 अगस्त को विसर्जन के साथ समापन होने वाले गणेश उत्सव के लिए मिट्टी से बनी प्रतिमाओं को सजाने के लिए पटके, मालाएं, पगड़ी, मुकुट, धोती वाली पोशाक, कड़े और नग वाले तिलक खरीदे गए। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विराजित करने के लिए सिंहासन और अपने लिए आसनों की खरीदारी की। कोरोना के कारण बड़े गणेश महोत्सवों के आयोजन पर लगी रोक के बावजूद घरों में स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं को लेकर श्रद्धालु खरीदारी में लगे दिखाई दिया। दुकानदारों के मुताबिक शहर में सिद्वि विनायक की प्रतिमाओं की खूब बिक्री हुई है। गणेश उत्सव की वजह से बाजार मेें फूल मालाओं की भी खासी मांग रही।
इस बार नहीं निकाली जाएगी शोभायात्रा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के गणपतिधाम में शनिवार यानि आज से गणेश जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 30 अगस्त को गणपति धाम खाटू श्याम मंदिर परिवार के मंदिर प्रांगण में सुबह शाम पूजन होगा। मंदिर को मनमोहक लाइट एवं सुगंधित पुष्पों से सजाया जा रहा है। कोरोना के कारण गणपति भगवान की भव्य शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी। कोविड के नियमों के तहत गणपति भगवान की पूजा अर्चना की जाएगी। श्री गणपति धाम ट्रस्ट समिति के संस्थापक भीम कंसल ने बताया कि 22 से 29 अगस्त तक दैनिक पूजा अर्चना सुबह और शाम होगा। 30 अगस्त को गणपति जी विसर्जन शुकतीर्थ गंगा घाट पर किया जाएगा।
नई मंडी में गणपति बप्पा की मूर्ति खरीदती श्रद्घालु।- फोटो : MUZAFFARNAGAR