मेरठ-करनाल हाइवे पर फुगाना बस अड्डे के पास हाइवे पर जाम लगाते गठवाला खाप के किसान व भाकियू कार्यक?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बुढ़ाना में जाम के दौरान हुआ जमकर हंगामा
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कृषि कानूनों के विरोध में विरोधी दलों के नेताओं ने मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने विरोधी दलों के नेताओं को गिरफ्तार कर कोतवाली भेज दिया।
मंगलवार को रालोद व सपा के साथ विभिन्न दलों के नेता रालोद नेता व पूर्व मंत्री योगराज सिंह के साथ सुबह 11 बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी व इंस्पेेक्टर मगनवीर सिंह गिल ने किसानों को समझाते हुए कोतवाली जाने को कहा, तो नेता नहीं माने। सीओ और इंस्पेक्टर ने धरने पर बैठने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच से ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ बबलू के दोनों हाथ पकड़कर खींच लिया। पुलिस ने पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत, रालोद युवा के प्रदेश सचिव बालकिशोर त्यागी, अशोक पांचाल, चौधरी जगपाल सिंह, सतपाल सहरावत व संजय शर्मा आदि को गिरफ्तार कर कोतवाली भेज दिया। गठवाला खाप के चौधरी व पूर्व प्रधान थाम सिंह व चौधरी मुकेश मलिक सहित किसानों ने फुगाना बस अड़्डे पर जाम लगाया। भाकियू कार्यकर्ता भी यहां जाम लगाने में शामिल हुए और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर खतौली तिराहे के पास जाम लगाया। विकास त्यागी व भाकियू के प्रदेश सचिव ओमपाल मलिक फुगाना आदि शामिल रहे।
बाजार पर नहीं पड़ा प्रभाव
बुढ़ाना। भारत बंद का कस्बे व देहात के बाजारों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। कस्बे व देहात की दुकानें पूर्ण रूप से खुली रही। बंद के आह्वान के कारण देहात से आने वाले ग्राहक बहुत कम दिखाई दिए।