हापुड़ से खतौली में बारात लेकर आने की तैयारी कर रहे दूल्हे और उसके परिजन अनजान युवक की ओर से मिल रही धमकियों से दहशत में हैं। दूल्हे पक्ष का कहना है कि अज्ञात युवक फोन करके धमकी दे रहा है कि यदि वह बारात लेकर आया तो उसे गोली मार दी जाएगी। इन धमकियों से दहशतजदा युवक और युवती पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता दो माह पूर्व हापुड़ में तय किया था। 28 नवंबर को हापुड़ से बारात आनी है। युवती पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर देकर बताया गया कि एक अज्ञात युवक का फोन दूल्हे के पास आया था। इस पर धमकी दी गई कि वह बारात लेकर आया तो उसे गोली मार देगा। पहले तो वह इसे मजाक में लेता रहा। लेकिन इसके बाद भी उसकी धमकियां आ रही हैं।
इस मामले में युवक पक्ष ने हापुड़ में भी तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने फोन सर्विलांस पर लगाया तो धमकी देने वाले युवक के मोबाइल की लोकेशन शहर के सैनीनगर में मिली। रविवार को दोनों परिवारों के लोगों ने आरोपी को चिह्नित कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।