पुरकाजी। नगर में एक ही रात में चोरों द्वारा दो मेडिकल स्टोर सहित तीन दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने करीब एक लाख की नकदी व अन्य सामान चोरी किया है। घटना से व्यापारियों में रोष है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। व्यापारियों ने पुलिस से घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
शनिवार की रात चोरों ने थाने से कुछ ही दूरी पर हाईवे पर संदीप ट्रेडर्स के ताले तोड़कर गल्ले में रखी करीब 8 हजार की नकदी व बीड़ी , सिगरेट आदि हजारों रुपये का अन्य सामान चोरी कर लिया। संयुक्त व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष रोबिन गोयल के मंजू मेडिकल स्टोर के ताले तोड़कर दुकान में रखे गल्ले को तोड़कर उसमें से करीब सात हजार की नकदी चोरी कर ली। हाइवे पर ही थोड़ी दूरी पर चौधरी मेडिकल स्टोर के शटर के ताले तोड़कर गल्ले का ताला तोड़ा और गल्ले में रखी करीब 75 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। घटनाओं की जानकारी रविवार सवेरे उस समय लगी, जब दुकान स्वामी अपनी दुकानों को खोलने के लिए दुकानों पर पहुंचे। दुकानों के ताले टूटे और शटर खुला देखकर सभी व्यापारियों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों पीड़ित व्यापारियों से घटना की जानकारी ली। मंजू मेडिकल स्टोर पर लगे सीसीटीवी में दो चोर दिखाई दिए हैं। चोरों ने कंबल लपेटकर मुंह पर मास्क लगा रखा था। पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में लगे सीसीटीवी भी चैक किए। यहां भी दो चोर पैदल अस्पताल तक जाते दिखाई दिए। घटना के बाद दर्जनों मेडिकल स्टोर स्वामियों व व्यापारियों ने थाने पहुंचकर नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौतम से घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।