तितावी बघरा में सुनार की दुकान में दीवार में सेंध लगा कर ज्वेलरी चोरी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ज्वेलरी शॉप में सेंध लगाकर चोरी
तितावी। बघरा बस स्टैंड पर स्थित ज्वेलरी शॉप में सोमवार देर रात चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर हजारों की नकदी और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच के लिए कब्जे में ली है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर निवासी सराफ विजय वर्मा की बघरा बस स्टैंड पर ज्वेलरी शॉप है। सोमवार शाम दुकान बंद कर सराफ घर लौट गया था। देर रात चोर दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए और वहां से गल्ले में रखी हजारों की नकदी के साथ ही चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। मंगलवार सुबह सराफ दुकान खोलने पहुंचा तो घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बघरा चौकी इंचार्ज एसआई मनोज शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित सराफ के अनुसार चोर करीब आधा किलो चांदी के साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी और गल्ले से नकदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने दुकान के पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।