युवक पर लगाया संबंध बनाने का आरोप
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवती को लगातार कॉल कर युवक खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए उस पर संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। विरोध करने पर आरोपी द्वारा युवती के साथ गालीगलौज कर उसे धमकियां दी जा रहीं हैं। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर को थाना पुलिस रद्दी की टोकरी में डाल चुकी है, जिसके चलते अब उसने सीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर बताया कि उसके पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। वह घर पर अपनी मां व बड़ी बहन के साथ रहकर सिलाई-कढ़ाई कर घर खर्च चलाती है। पीड़िता के अनुसार पिछले कुछ समय से एक युवक लगातार उसे कॉल करते हुए उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। युवती द्वारा विरोध कर पुलिस से शिकायत करने की बात कही गई, तो आरोपी ने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए अपनी बावर्दी एक फोटो भी व्हाट्सएप के जरिये युवती को भेजते हुए उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि युवती की मां के साथ भी बदसलूकी करते हुए कॉल रिसीव नहीं करने पर उसे अश्लील व धमकी भरे मेसेज भेजे गए। पीड़िता के अनुसार उसने आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर रद्दी की टोकरी में फेंकते हुए उल्टे पीड़िता को ही डरा-धमकाकर घर भेज दिया। थाना पुलिस के व्यवहार से आहत पीड़ित युवती ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्रवाई की गुहार लगाई है।