मुजफ्फरनगर। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह आत्महत्या के इरादे से पहुंची एक महिला ने पहले तो काफी देर ट्रेन का इंतजार किया। ट्रेन न आने पर उसने ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। सूचना मिलने पर महिला को आरपीएफ द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी 30 वर्षीय महिला मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकलकर रेलवे स्टेशन जा पहुंची। पहले तो महिला काफी देर तक ट्रेन का इंतजार किया। बार-बार उठकर वह दोनों ओर से ट्रेन आने की राह तकती रही। जब 10.30 बजे तक भी कोई ट्रेन स्टेशन पर नहीं पहुंची तो महिला प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर पहुंची और अपने हाथ में लिए ब्लेड से बाएं हाथ की नस काट ली। महिला के हाथ से खून बहने लगा, जिसे देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए आरपीएफ स्टेशन पर जानकारी दी। इस पर आरपीएफ से एसआई जयपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। प्रथम दृष्टया जांच में महिला द्वारा गृहक्लेश के चलते यह कदम उठाया जाना प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में फिलहाल किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।