मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर धौलापुल के पास स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग परिसर में बुजुर्ग चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस सीढ़ियों से गिरकर मौत होने बता रही है।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी मकसूद (60) पुत्र हाजी बुंदू हाईवे पर धौलापुल के पास स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग में चौकीदारी करते थे। शनिवार सुबह मजदूर निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने पहुंचे तो वहां चौकीदार का शव पड़ा मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से के साथ ही चेहरे पर माथे के पास चोट के निशान था। सूचना पर उसके परिजनों के साथ ही डिग्री कॉलेज प्रबंधन समिति सचिव डॉ एमके बंसल भी मौके पर पहुंच गए। बेगराजपुर चौकी प्रभारी एसआई योगेंद्र पंवार ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। परिजन और कॉलेज प्रबंधन सचिव जहां इसे हत्या का मामला बता रहे हैं, वहीं पुलिस चौकीदार की हादसे में मौत होने का दावा कर रही है।
---------------
लोहे की लिंटर प्लेट्स चोरी करने की हुई कोशिश
मंसूरपुर। चौकीदार की हत्या की सूचना पर पहुंचे डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति सचिव डॉ. एमके बंसल और चौकीदार के बेटे महबूब का कहना है कि दस दिन पूर्व निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे की 50 लिंटर प्लेट्स चोरी कर लिए गए थे। इसकी तहरीर भी थाना पुलिस को दी गई थी। शनिवार सुबह जहां चौकीदार का शव पड़ा मिला, वहां से कुछ दूरी पर लोहे की प्लेट्स पड़ी मिलीं। आरोप लगाया कि चोर लोहे की प्लेट्स चोरी कर ले जा रहे होंगे, जिन्होंने चौकीदार द्वारा टोके जाने या पहचान लिए जाने पर उसकी ईंटों से पीटकर हत्या कर दी। डॉ. एमके बंसल का कहना है कि वे घटना के सही खुलासे के लिए एसएसपी अभिषेक यादव से मिलेंगे।
-------------
सीढ़ियों से गिरकर हुई है चौकीदार की मौत
एसओ मंसूरपुर मनोज कुमार चाहल का कहना है कि चौकीदार की मौत सीढ़ियों से गिरने से हुई है। सीढ़ियों से गिरने पर उसकी आंख के ऊपर नीचे पड़ी ईंट लगी, जिससे करीब एक इंच गहरा घाव बन गया। उससे निकले अत्यधिक खून के चलते चौकीदार की मौत हुई है। सिर के पिछले हिस्से में किसी तरह की चोट नहीं पाई गई है।