देवबंद (सहारनपुर)। विश्वविख्यात इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम समेत दीनी इदारों में गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही जंग-ए-आजादी में उलमा की कुर्बानियों को याद किया।
रविवार को दारुल उलूम की आजमी मंजिल परिसर में गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रम में इदारे के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी बनारसी समेत उलमा ने ध्वजारोहण किया। जबकि छात्रों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने कहा कि देश की आजादी में उलमा ने जो कुर्बानियां दी हैं उनको हमेशा याद रखा जाएगा। गणतंत्र दिवस को प्रत्येक देशवासी को धूमधाम से मनाना चाहिए, क्योंकि हम सभी का राष्ट्रीय पर्व है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अहम है, इसलिए इस दिन अमन और आपसी भाईचारे का पैगाम आम करें। इस मौके पर संस्था के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक मद्रासी, मौलाना सलमान बिजनौरी मुफ्ती मोहम्मद उल्लाह समेत बड़ी संख्या में मदरसा छात्र मौजूद रहे।
उधर, दारुल उलूम वक्फ में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना। यहां इदारे के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी ने झंडा फहराया। मदरसा जामिया तुश शेख हुसैन अहमद अल मदनी में मौलाना मुजम्मिल अली, जामिया इमाम मोहम्मद अनवर शाह में मौलाना अहमद खिजर शाह मसूदी, बड़जियाउलहक स्थित मदरसा दारुस्सालेहात में मैनेजर डॉ. ताहिर व डॉ. युनुस, मदरसा मेराजुल उलूम में प्रबंधक मो. इब्राहीम, आइडियल पब्लिक स्कूल में यूपी उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, मौलाना हसनुल हाशमी व प्रबंधक मो. शाहनवाज, जामिया इल्हामिया मदरसा तुल बनात में पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, मदरसा जामिया शुखेल हिंद में मोहतमिम मुफ्ती असद कासमी, दारुल उलूम फारुकिया में मौलाना नूरुलहुदा ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर प्रबंधक खुर्शीदा खातून, सागर देवबंदी, नौशाबा, इशाना, आबदा, खुशी, रेशमा, हामिदा आदि रहे।
मदरसा दारुस्सालेहात में तिरंगे को सलामी देतीं छात्राएं- फोटो : DEVBAND
दारुल उलूम के कार्यक्रम में उपस्थित मदरसा छात्र- फोटो : DEVBAND
दारुल उलूम में ध्वजारोहण करते मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी- फोटो : DEVBAND