स्थापना दिवस पर लगे तीन दिवसीय मेले का समापन
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर लगे तीन दिवसीय मेले का समापन राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस मनाना हम सभी प्रदेश वासियों के लिए गर्व की बात है। हम सब अपने अपने परिवार में अपने परिजनों व बच्चों का जन्म दिवस मनाते हैं, उसी प्रकार अपने प्रदेश का स्थापना दिवस भी मना रहे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से हमें अपने प्रदेश की संस्कृति आदि से जुड़ने का एक अच्छा अवसर मिलेगा।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि हम सभी को मिलकर अपने प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्य मान कार्ड, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी अनेकों योजनाएं संचालित हैं। खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी ने कहा कि देश में असामाजिक तत्वों द्वारा अराजकता किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं की जा जाएगी। कार्यक्रम में 50 सफाई कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीडीओ आलोक यादव ने आईएएस व पीसीएस की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं का परीक्षा के दृष्टिगत उनका मार्गदर्शन किया गया। डीएम सेल्वा कुमारी जे, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, पीडी जय सिंह यादव आदि मौजूद रहे।