-पुलिस हत्यारोपी पिता और बेटी को भिजवा चुकी है जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। गांव तिसंग में दो माह पूर्व नाली खुलवाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर 55 वर्षीय राजकुमार सैनी की हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र ने पिता, पुत्र व बेटी के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्यारोपी पिता व पुत्री को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। तीसरा हत्यारोपी अभी तक फरार चल रहा है।
20 जनवरी की सुबह जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव तिसंग में सतेंद्र की अपने ही गांव के 55 वर्षीय राजकुमार सैनी से कहासुनी हो गई थी। इसको लेकर सतेंद्र, उसके लड़के कपिल, बेटी सिंधू ने लाठी-डंडों, ईंटों और लोहे के तसले से हमला कर राजकुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमलावर राजकुमार को मृतक समझ कर मौके से फरार हो गए थे। परिजन घायल राजकुमार को लेकर जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, जहां पर चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दियाश्र
राजकुमार के पुत्र अंकुर ने गांव निवासी सतेंद्र उसके लड़के कपिल, बेटी सिंधू के खिलाफ थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पूर्व में ही हत्यारोपी सतेंद्र और उसकी बेटी सिंधू को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था। तीसरा हत्यारोपी कपिल अभी तक फरार चल रहा है। पुलिस अभी तक कपिल को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस संबंध में सीओ यतेंद्र नागर का कहना है कि फरार तीसरा हत्यारोपी घटना में शामिल था या नहीं, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है।