संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पौराणिक धर्म नगरी शुकतीर्थ में ऋषि शुकदेव और अभिमन्यु के पुत्र राजा परीक्षित के बीच हुए वार्तालाप का दृष्य जीवंत होगा। धर्म नगरी में आयोजित होने जा रहे भागवत महोत्सव के लिए 10 मिनट की लघु फिल्म मुंबई के कलाकारों से तैयार कराई गई है। जिस पर 30 लाख रुपये का खर्च आया है। फिल्म में धर्म नगरी के पांच हजार साल पुराने इतिहास को समायोजित करते हुए वट वृक्ष तले राजा परीक्षित को सुनाई गई श्रीमद्भागवत कथा का दृष्य चरितार्थ किया जाएगा।
शुकतीर्थ में शीघ्र ही भागवत महोत्सव और मोक्ष कुंभ का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों की शृंखला का आयोजन किया जाएगा। एमडीए और शुकतीर्थ विकास परिषद कार्यक्रमों को भव्य बनाने में जुटा है।
शुकतीर्थ में गंगा घाट के समीप लेजर एवं साउंड शो का आयोजन भी प्रस्तावित है। उसी प्लेटफार्म पर एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। इसकी पटकथा धर्मनगरी के इतिहास से ली गई है। फिल्म में उस दृष्य को विशेष तौर से फिल्माया गया है, जिसमें ऋषि शुकदेव ने अभिमन्यु के पुत्र राजा परीक्षित को गंगा नदी के तट पर अक्षय वट वृक्ष तले श्रीमद्भागवत पुराण की कथा सुनाई थी। शुकदेव आश्रम में यह वृक्ष आज भी अपनी दिव्यता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है।
-तैयार नहीं लाइट एंड साउंड सिस्टम : कविता मीणा
शुकतीर्थ विकास परिषद की सीईओ कविता मीना का कहना है कि महोत्सव को भव्य बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। प्रयास था कि धर्म नगरी में मोक्ष कुंभ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराया जाए, लेकिन लाइट एवं साउंड सिस्टम पूरी तरह से तैयार न होने के कारण फिलहाल मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित नहीं है।