-नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में करीब 21 करोड़ आय व साढ़े 21 करोड़ व्यय का बजट पास हुआ
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में पुरकाजी के मोहल्ला दक्षिणी चमारान का नाम अंबेडकर बस्ती होने सहित दस प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। वित्तीय वर्ष 2025-2026 का करीब 21 करोड़ आय व साढ़े 21 करोड़ व्यय का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया।
मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष जहीर फारुकी की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा के संचालन में बोर्ड बैठक हुई। इसमें चेयरमैन जहीर फारुकी ने वार्ड-एक मोहल्ला दक्षिणी का नाम बदलकर अंबेडकर बस्ती किए जाने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा गर्मियों में सभी वार्डों में ठंडे पानी का फ्रीजर, वार्डो में लाइट व अन्य विकास कार्य संबंधी 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।
बोर्ड बैठक में पिछले विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी निर्माण संबंधी विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई। साथ ही जल निगम की ओर से जेसीबी से सड़कें तोड़कर पाइप लाइन डालने की शिकायत भी रखी गई। चेयरमैन ने सभी सभासदों की तरफ से जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को पत्र लिखे जाने की बात कही। बोर्ड बैठक में प्रधान लिपिक समर काजमी, सभासद निसार अहमद, इस्तखार, शाह आलम गौर, आतिफ खान, विकसित, रजनीश, फेमिदा, इशरत जहां, शबनम, नदीम अहमद, फरजाना मौजूद रहीं।