लॉकडाउन के चलते शिव चौक पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
लॉकडाउन के पहले रविवार पसरा सन्नाटा
मुजफ्फरनगर। शासन द्वारा कोविड-19 के तहत लागू किए गए साप्ताहिक लॉकडाउन के पहले रविवार को शहर में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। शहर के सभी बाजार बंद रहने से सभी मुख्य मार्ग व चौराहे सुनसान रहे। इसके बावजूद शहर में बेवजह घूमने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरतते हुए जमकर उनके चालान काटे।
शासन द्वारा कोविड-19 के तहत करीब दो माह बाद दो दिवसीय साप्ताहिक लॉकडाउन को घटाकर केवल रविवार तक सीमित कर दिया है। इसके चलते नए नियमों के तहत शनिवार को बाजार रोजमर्रा की तरह खुले थे। वहीं, रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन के पहले दिन शहर में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। शहर के सभी मुख्य बाजार बंद रहने से सभी मुख्य मार्ग व चौराहे सुनसान रहे। इससे पहले सुबह नौ बजे तक जरूरत के सामान की दुकानें खुलीं रहीं, जिसके चलते शहर में आवागमन भी जारी रहा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सभी प्रमुख चौराहों की नाकाबंदी कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी। इस दौरान सभी वाहन चालकों से पूछताछ कर बेवजह घूमने वाले लोगों के जमकर चालान काटे गए। शहर के महावीर चौक, प्रकाश चौक, शिवचौक, मीनाक्षी चौक, विश्वकर्मा चौक व अंसारी रोड पर बेरिकेडिंग लगाकर वाहन चालकों से पूछताछ की गई।