जानसठ। दो दिन की लगातार बारिश के चलते एक गरीब के मकान की छत भरभरा कर गिर पड़ी। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर सिर्फ महिला ही थी, जिसे मामूली चोट लगी, लेकिन कोई अनहोनी नहीं हुई।
मोहल्ला जन्नताबाद निवासी फरीदा पत्नी कौशल अपने घर के अंदर से बरसात का पानी निकाल रही थी और परिवार के सभी बच्चे घर से बाहर थे। उसी समय अचानक घर की छत भरभरा कर नीचे गिर गई। जिससे फरीदा के हाथ में मामूली चोट आई। फरीदा का कहना है कि वह काफी समय से प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन भी कर चुकी है, लेकिन उसका मकान पात्रता सूची में शामिल नहीं हो सका है। बुधवार की रात्रि में ही पूरे परिवार वालों को पड़ोसियों ने शरण दी है। बता दें कि फरीदा पत्नी कौशल बहुत ही गरीब एवं दयनीय स्थिति में जीवन जीने को मजबूर हैं और उसके सात पुत्रियां हैं, कोई पुत्र नहीं है। पति-पत्नी मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का लालन पोषण कर घर चला रहे हैं। कस्बावासियों ने शासन व प्रशासन से पीड़ित परिवार को मकान बनवाने एवं आर्थिक मदद की मांग की है।