संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौंद (हांसी)। दिवाली की रात जिन घरों में खुशियों के दीप जगमगा रहे थे वहां सोमवार सुबह मातम का अंधेरा छा गया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हुए हादसे में राखी खास (गढ़ी) के चार और मोठ करनैल के दो युवकों की मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि हंसी-खुशी निकले छह दोस्तों के लिए हरिद्वार की राह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगी।
-सरकारी नौकरी का सपना देख रहा था अंकित
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिवारों को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। साहिल पिछले चार साल से गाड़ी चलाने का काम कर रहा था। उसके पिता सोम कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। साहिल दो भाइयों में से एक था। हादसे में क्षतिग्रस्त ओरा कार उसकी अपनी नहीं थी। वह किसी अन्य व्यक्ति की गाड़ी चलाता था और छोटी दिवाली पर उसे लेकर घर आया था। वहीं अंकित मलिक 12वीं पास करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह नौकरी हासिल कर घर की जिम्मेदारी संभालेगा।
-बीमार पिता का सहारा थे राहुल और अंकित
राखी खास निवासी सगे भाई राहुल और अंकित मेहनत-मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाते थे। राहुल जींद में ट्रक की बॉडी बनाने वाली दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था जबकि छोटा भाई अंकित राखीगढ़ी में एसी-फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था। उनके पिता काफी समय से बीमार हैं। वहीं मोठ करनैल निवासी अमन और अजय पढ़ाई के साथ मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए थे।
-साहिल के पिता बोले-बड़े बेटे के फोन से मिली हादसे की खबर
साहिल के पिता सोम कुमार ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना बड़े बेटे के फोन से मिली। साहिल और उसके साथी रात करीब एक बजे घर से निकले थे। परिवार को उनके हरिद्वार जाने की पूरी जानकारी नहीं थी। कुछ घंटे पहले हंसते-बोलते घर से निकले बेटे की मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया। राखी खास में चार युवकों की मौत से तीन परिवारों में मातम है। इनमें एक परिवार ने अपने दो सगे बेटों को खोया है। वहीं मोठ करनैल के अमन और अजय की मौत से दो परिवारों में सन्नाटा पसरा है।