चीनी मिलों के पेराई सत्र का टूटेगा रिकार्ड
मुजफ्फरनगर। जिले की चीनी मिले इस सत्र में पेराई का पुराना रिकार्ड तोड़ेंगी। इस बार 15 मई से पहले जिले की कोई भी चीनी मिल बंद नहीं होगी। गन्ने की पेराई यहां 15 जून तक चल सकती है। जिले में अभी भी 15 प्रतिशत गन्ना खेतों में मौजूद है।
जिले की चीनी मिलों में खाईखेड़ी और टिकौला मिल अपने पेराई सत्र का समापन 15 मई को कर सकती हैं। तितावी, खतौली और भैंसाना ने 31 मई पेराई सत्र के समापन के लिए दी हैं। मोरना मिल ने तीन जून, रोहाना ने पांच जून और मंसूरपुर ने 15 जून की तिथि दी है। अपने क्षेत्र में रुके गन्ने के हिसाब से ही मिलों ने पेराई सत्र के समापन की संभावना जताई है। जिले के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि सभी चीनी मिले मई माह में चलेगी। अब से पहले चीनी मिलों का पेराई सत्र अप्रैल के अंत और मई के पहले सप्ताह में पूरा होता रहा है। गन्ने के रिकार्ड उत्पादन के कारण चीनी मिलों को पेराई सत्र में बढ़ोत्तरी करनी पड़ रही है। इस बार 150 लाख क्विंटल गन्ना जिले में अतिरिक्त होने की संभावना है। जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी ने बताया कि गन्ने का उत्पादन संभावना से कहीं ज्यादा है। गन्ना विभाग ने सर्वे करा लिया है, जो अतिरिक्त गन्ना है, उसकी पर्ची जारी होनी शुरू हो गई है।