मुजफ्फरनगर। 24 घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश से शहर की सड़कों की हालत खराब हो गई है। नगर में जहां-तहां टूटी पड़ी सड़कों में जलभराव होने से नागरिकों को दिक्कतें हो रही हैं। कई स्थानों पर बारिश बंद होने के बाद भी पानी भरा हुआ है। मोती महल रोड पर जमा पानी को साफ करने में लोग दिन भर जुटे रहे।
नावल्टी चौक के पास से मोती महल रोड लंबे समय से टूटी पड़ी है। सीवर लाइन बिछाने के बाद इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हुई बारिश से पूरी सड़क गंदे पानी से लबालब हो गई थी। टूटी पड़ी इस सड़क पर जलभराव होने से राहगीर फिसलकर गिरते रहे। शनिवार को बारिश बंद होने के बाद भी यहां गंदा पानी भरा था। स्थानीय दुकानदार जावेद एवं मोनिस खान ने बताया कि सुबह से लोग सड़क में भरे पानी को साफ करने में लगे हैं।
----------
गढ़ी गोरवान में चल रही डेयरियां बनी परेशानी का सबब
फोटो-(दुकानदार- रहमत खान, सचिन, समी और विनोद वर्मा)
मुजफ्फरनगर। स्थानीय दुकानदारों का कहा है कि गढ़ी गोरवान मोहल्ले में कई डेयरियां चल रही हैं। डेयरी संचालक पशुओं का गोबर नालियों में बहा देते हैं। रहमत खान और सचिन ने बताया कि पूरी नालियां गोबर से अटी पड़ी हैं। इसलिए पानी की निकासी बंद है। नॉवल्टी चौक से रामलीला टिल्ले की ओर जा रही सड़क किनारे बना नाला चोक है। इसका पानी मोती महल की नालियों में भर जाता है। समी एवं विनोद वर्मा का कहना है कि गोबर से अटी होने तथा नाले का पानी आ जाने से पूरी सड़क जलमग्र हो जाती है। वर्षों से वे यह परेशानी झेल रहे हैं लेकिन नगर पालिका समस्या का समाधान नहीं करा रही।
-------
छह माह में गड्ढों में तब्दील हो गई अंसारी रोड
फोटो समाचार
मुजफ्फरनगर। शहर की प्रमुख अंसारी रोड छह माह पहले ही बनी थी। सीवर लाइन बिछाने के बाद से यह रोड टूटी हुई थी। सीवर लाइन का काम कर रही जल निगम की इकाई ने करीब छह माह पहले सड़क का निर्माण कराया लेकिन अब यह गड्ढों में तब्दील हो गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों के कारण चलना मुश्किल हो गया है।
---------------------------
गांधी कॉलोनी में सड़क पर भरा है गंदा पानी
(फोटो समाचार)
मुजफ्फरनगर। शहर की पॉश गांधी कॉलोनी की सड़कों की हालत भी खराब हो गई है। गांधी वाटिका के पास बारिश बंद होने के बाद भी गंदा पानी भरा रहा। यहां पर नाले की निकासी नहीं होने तथा सड़क टूटी होने के कारण हालात खराब हैं। शनिवार को छात्र-छात्राओं को गंदे पानी से होकर स्कूल और छुट्टी के समय अपने घरों को जाना पड़ा। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बना नाला बंद है। इससे पानी की निकासी नहीं हो रही। साथ ही सड़क भी टूटी हुई है, जिसमें गंदा पानी भरा हुआ है।
-----------
इन्होंने कहा...
- नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर की सड़कों की स्थिति का निरीक्षण करें तथा प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी एवं सड़क निर्माण कराएं।
- अंजू अग्रवाल, चेयरपर्सन, नगर पालिका।
नगर की गांधी कालोनी में बारिश से सडक पर हुए जलभराव।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मोती महल की गली में फैली गोबर।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मोती महल में बारिश के बाद सडक पर फैली कीचड।- फोटो : MUZAFFARNAGAR