सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गांव निराना में निकाह के दौरान बुलेट बाइक मांगने को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लेकिन बारात को बिना दुल्हन लिए बैरंग लौटना पड़ा। दोनों पक्षों ने कार्रवाई करने से इनकार किया है।
रविवार को भोपा क्षेत्र के इस्सोपुर निवासी युवक की बारात गांव निराना में आई थी। विभिन्न रस्म अदायगी के बाद निकाह के दौरान दूल्हे के पिता द्वारा बुलेट की मांग करने पर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में विवाद के चलते मारपीट भी हो गई थी। सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने दूल्हे व उसके पिता को भी थाने में बैठाया था। देर रात गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। तय किया गया कि दूल्हा पक्ष, दुल्हन पक्ष को खर्च का पैसा वापस करेगा। लेकिन इसके बाद भी दुल्हन पक्ष ने निकाह करने से इनकार कर दिया था। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्रतिष्ठित लोगों ने समझौता कर दिया है। दोनों पक्षों ने कार्रवाई करने से इनकार किया है।