भोपा। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि गन्ने की बेहतर कीमत से ही किसानों के घर में खुशहाली आएगी। सरकार ने 400 रुपये प्रति क्विंटल दाम देने की बात कही थी, लेकिन इस साल अब तक मूल्य भी घोषित नहीं किया जा सका। भाजपा वाले जमीन छीनने वाले लोग हैं।
जौली गांव में इकट्ठे हुए सपा समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को भरोसा दिया था, लेकिन भाजपा ने फसलों का वाजिब दाम नहीं दिया। किसानों को मुफ्त बिजली देने की बात कही थी, लेकिन बिल वसूले जा रहे हैं। उन्होंने एलान किया कि जब उनकी सरकार आएगी तो बिजली व्यवस्था में सुधार करेंगे।
-उपचुनाव भविष्य में सरकार बनाने का चुनाव है
सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि पीडीए के लोग एकजुट हो चुके हैं, उपचुनाव में इनकी जीत का रास्ता कोई नहीं रोक सकता है। सपा ने ही हमेशा किसान और मजदूरों की लड़ाई लड़ी है। उपचुनाव हिंदुस्तान के भविष्य का सवाल है।
-
इनसेट
सड़क पर डटे समर्थक, शाम होते-होते पहुंचे अखिलेश
भोपा। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उनके हेलिकॉप्टर को दिल्ली, हिंडन और सहारनपुर में उतरने की अनुमति प्रदान नहीं की गई। सुबह से ही वह लगातार मीरापुर आने की कोशिश कर रहे थे। जौली ग्रांट में अनुमति मिलने के बाद मीरापुर पहुंचे हैं। समय कम मिला है, फिर आएंगे। उधर, शाम के पांच बजे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री जौली से चले गए और कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर संवाद किया। पहले उनके ककरौली आने की चर्चा थी, लेकिन हेलिकॉप्टर नहीं आया। इसके बाद सपा समर्थक जौली पहुंच गए। यहीं से अखिलेश यादव ने सड़क पर खड़े समर्थकों की सभा को संबोधित किया।
-
इनसेट
यह रहे मौजूद
प्रत्याशी सुम्बुल राना, सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सांसद कादिर राना, जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, मुखिया गुर्जर, हाजी लियाकत अली, राजकुमार यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, शाह राजा नकवी, हाजी मूसा, मौलाना नजर, सर्वेन्द्र राठी, अफजल भोपा, शाहिद रुड़कली आदि मौजूद रहे।