संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की आज से शुरुआत होगी। परीक्षा 30 अक्तूबर और एक नवंबर को भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
केंद्रों के प्रवेश द्वार पर बायोमेट्रिक स्कैनिंग और प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में सामान्य हाथ की घड़ी और स्मार्टवॉच समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
डीआईओएस हरिकेश यादव ने बताया कि शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कराई गई हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस बल, पेयजल, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
-
पांच निजी विद्यालयों में भी बनाए गए केंद्र
शहर में चौधरी छोटू राम महाविद्यालय, चौधरी छोटू राम इंटर कॉलेज, आर्य समाज रोड स्थित डीएवी महाविद्यालय, डीएवी इंटर कॉलेज ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी, इस्लामिया इंटर कॉलेज, जैन इंटर कॉलेज मीनाक्षी चौक, जैन कन्या इंटर कॉलेज नई मंडी, जैन कन्या पाठशाला महाविद्यालय, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, रोडवेज स्थित एसडी इंटर कॉलेज ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी, सनातन धर्म महाविद्यालय, सनातन धर्म कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज गांधी कॉलोनी, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल और वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा पांच निजी विद्यालयों डीएस पब्लिक स्कूल, दीप चंद्र ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज, एमजी पब्लिक स्कूल, न्यू होराइजन स्कूल और एसडी पब्लिक स्कूल में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी।